करनाल। फैशन लाैटकर आया है। 90 के दशक की शान रहे सलिल सूट फिर से महिलाओं की पसंद में शामिल हुए हैं। कभी रईसी, नजाकत और शाही अंदाज की पहचान माने जाने वाले ये सूट सर्दियों में शादी और पार्टी में भारी लहंगों की जगह ले रहे हैं। महिलाएं मखमली सलिल सूट पहनना पसंद कर रही हैं। ऐसे में बाजार में इनकी वैरायटी बढ़ी है।
पुराने समय का यह फैशन नए रूप व डिजाइन में बाजार में उतारा जा रहा है। सोशल मीडिया के कई फैशन डिजाइनर इन सूटों को नए अंदाज में दिखा रहे हैं। दुकानदार राकेश ने बताया कि लुधियाना, सूरत, बनारस और दिल्ली से इन सूट का नया स्टॉक लाया गया है। भारी जरी के काम वाले सूटों से लेकर हल्के मखमली सूट पसंद बन रहे हैं। बाजार में इनकी कीमत 800 से 8000 रुपये तक हैं।
गहरे रंग जैसे डीप वाइन, एमराल्ड ग्रीन, नेवी ब्लू और चॉकलेट ब्राउन इस सीजन में सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। 90 के दशक में सलिल सूट को भारी कढ़ाई, चौड़े पायचे और पारंपरिक दुपट्टे के साथ पहना जाता था।
शाही लुक के लिए भारी गहनों के साथ पहनें
फैशन विशेषज्ञ हरमीत कौर ने बताया कि सलिल सूट की वापसी कोई संयोग नहीं है। बदलती लाइफस्टाइल में महिलाएं अब ऐसे परिधानों को प्राथमिकता दे रही हैं, जो स्टाइलिश होने के साथ-साथ आरामदायक भी हों। मखमल से बने सलिल सूट इस कसौटी पर पूरी तरह खरे उतरते हैं। सर्दियों में गर्माहट देने के साथ-साथ ये सूट पहनने में बेहद ग्रेसफुल नजर आते हैं। उन्होंने बताया कि महिलाएं इन सूटों पर भारी गहने के साथ शाही अंदाज अपना सकती हैं।
-सूटों का प्रकार और कीमत
प्लेन मखमल सलिल सूट : 800 से 1,500 रुपये
मिनिमल वर्क मखमल सलिल सूट : 1,800 से 3,000 रुपये
कढ़ाईदार शाही सलिल सूट : 3,500 से 6,000 रुपये
डिजाइनर सलिल सूट (भारी कढ़ाई व जरी वाला) 6,500 से 8,000 रुपये