माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के व्यस्ततम नमस्ते चौक पर सर छोटू राम पार्क के पास सड़क की जर्जर हालत से परेशान लोगों को राहत मिलने जा रही है। नगर निगम ने इस सड़क के गड्ढों को भरने का निर्णय लिया है। निगम इस काम पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च करेगा। काम जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए हैं।
यह चौक शहर का प्रमुख जंक्शन माना जाता है, जहां से पांच मुख्य रास्ते निकलते हैं। इनमें से एक मेरठ रोड की ओर, दूसरा घोघड़ीपुर की दिशा में, तीसरा सेक्टर-4 की ओर, चौथा कर्ण गेट की तरफ और पांचवां जीटी रोड की ओर निकलता है। इन सभी मार्गों से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। भारी ट्रैफिक और लगातार जलभराव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
पिछले कई महीनों से इस चौक की सड़क पूरी तरह खराब पड़ी थी। जगह-जगह बजरी बाहर निकल आई थी और बारिश के बाद सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे थे। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने कई बार निगम को इसकी शिकायत दी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार गड्ढों की वजह से यहां अब तक कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। खासतौर पर रात के समय वाहनों के फिसलने से चालक घायल हो जाते हैं। यही वजह है कि नगर निगम ने इस सड़क को प्राथमिकता सूची में शामिल कर लिया है।
जल्द होगा सुधार कार्य पूरा
नगर निगम एक्सईएन प्रदीप कल्याण ने बताया कि नमस्ते चौक शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। सड़क के खराब होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। अब मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की जा रही है और आने वाले कुछ दिनों में गड्ढे पूरी तरह भर दिए जाएंगे। इससे नागरिकों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी।