हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने वन विभाग द्वारा आयोजित
‘हर घर हरियाली’ नामक अभियान के अंतर्गत पंचायत भवन में पौधारोपण किया।
सीएम के प्रयासों को बढ़ाते हुए राज्यपाल के साथ सचिव नीलम प्रदीप कासनी और
उपायुक्त डा. जे. गणेशन ने भी परिसर में पौधारोपित किया।
राज्यपाल ने वन
विभाग द्वारा चलाई जा रही वन चेतना यात्रा को झंडी देकर रवाना भी किया।
उन्होंने
कहा कि इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में हर एक घर
को और ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति को पौधे प्रदान किए जा रहे
हैं। वन ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की समस्या को कम करने में
महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह वन्य प्राणियों के प्राकृतिक घर हैं।
इसलिए धरती पर जीवन के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए वनों के ज्यादा से
ज्यादा विस्तार की जरूरत है। यह तभी संभव है, जब पौधारोपण को जन आन्दोलन का
रूप दिया जाय। राज्यपाल ने कहा कि हर घर हरियाली नामक अभियान के अंतर्गत
राज्य की घरेलू प्रजातियाें जैसे नीम, शीशम, बकैन आदि के पौधारोपण पर विशेष
बल दिया जा रहा है। उपायुक्त ने वन चेतना यात्रा के बारे में बताया कि इस
यात्रा का उद्द्ेश्य लोगों को पौधारोपण और उसके रख-रखाव के बारे में जागरूक
करना है। इस यात्रा के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और गांव में नुक्कड़ नाटक
हर घर हरियाली वसुंधरा बोली भी प्रदर्शित किया जाएगा। वन चेतना यात्रा का
शुभारंभ सीएम मनोहर लाल ने यमुनानगर के छछरोली से 14 जुलाई को किया था।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने राज्यपाल को विश्वनाथ मुखर्जी
द्वारा लिखित ‘बना रहे बनारस’ और सलीम अली द्वारा लिखित ‘हमारे परिचित
पक्षी’ पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, अतिरिक्त
उपायुक्त गिरीश अरोड़ा, जिला वन अधिकारी जितेंद्र अहलावत सहित वन विभाग के
आला अधिकारी उपस्थित थे।