हाईवे निर्मल कुटिया चौक फ्लाईओवर के ऊपर एक खराब ट्रक को ठीक कर रहे दो
युवकों को एक कैंटर ने कुचल दिया। इससे दोनों की मौत हो गई। हादसे में एक
अन्य युवक भी घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया
है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। मृतक और
घायल लाडवा के नजदीक गडोला गांव के रहने वाले हैं।
घटना शुक्रवार देर रात
दो बजे की है। गडोला गांव निवासी ट्रक ड्राइवर रोशनलाल, लेबर अनिल,
सुनील, राजेश, रवि, सोनू ट्रक से सामान उतारकर वापस आ रहे थे। करनाल पुल के
ऊपर उनका ट्रक खराब हो गया। ट्रक ठीक करने के लिए सोनू और रवि ट्रक के
नीचे चले गए, जबकि राजेश नजदीक खड़ा हो गया। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से आ
रहे कैंटर ने खड़े ट्रक में भीषण टक्कर मार दी। इससे ट्रक के नीचे काम कर
रहे सोनू और रवि कुचले गए, जबकि राजेश घायल हो गया। तीनों को अस्पताल
पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने रवि और सोनू को मृत घोषित कर दिया। गांव में इस
घटना की सूचना दी गई। ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। मृतक रवि के पिता नाथीराम
ने बताया कि रवि की शादी आठ साल पहले हुई थी। इसके तीन बच्चे हैं। दो
बेटियां और एक अपाहिज बेटा। छोटी बेटी की उम्र एक साल है। पुलिस ने
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के
खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।