इंद्री। डॉ. भीमराव आंबेडकर हर्बल पार्क में 30 लाख रुपये की लागत से चल रहे विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य पर विवाद खड़ा हो गया है। पार्क के शिलान्यास स्थल पर लगी पट्टिका गायब है। पार्क इंद्री में पश्चिमी यमुना नहर के किनारे वन विभाग की भूमि पर स्थित है। परियोजना का शिलान्यास विधायक रामकुमार कश्यप ने 26 सितंबर को किया था।
प्रतिदिन पार्क में सैर करने आने वाले राजेश, विक्रम, हेमंत, सोनिया और अंजलि का कहना है कि जिस कार्य की शिलान्यास पट्टिका ही गायब हो जाए उसके समय पर पूरा होने की उम्मीद करना कठिन है। अब तक केवल एक हिस्से की जमीन समतल कर कार्य अधूरा ही छोड़ दिया गया है। वन विभाग के अधिकारी रजत पांचाल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पार्क में घुसे एक बैल ने शिलान्यास पट्ट की दीवार को गिरा दिया था। दीवार की मरम्मत कर दी गई है। जल्द ही पट्टिका को दोबारा लगाया जाएगा।