ग्राम पंचायत, ब्लाक समिति व जिला परिषद के चुनाव आ चुके हैं, अगर अपने
गांव या क्षेत्र में विकास कराना चाहते हो तो इन चुनावों में भाजपा
प्रत्याशी को जिताओ। अगर गलती से भी दूसरे उम्मीदवार को जिता दिया तो फिर
पांच साल आपको रोना पड़ेगा। वह उम्मीदवार हारे हुए उम्मीदवार की तरह ही
अपना कार्यकाल पूरा करेगा। क्योंकि उसको विकास के नाम पर कुछ नहीं दिया
जाएगा। यह शब्द असंध से विधायक व मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क ने
बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान कहे।
मुख्य संसदीय
सचिव ने आगे कहा कि अगर आप लोग बीजेपी का उम्मीदवार जिताओगे तो आपके गांव
में विकास की गंगा बहेगी। आपको किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।
अगर जीतने के बाद हमारे उम्मीदवार आपका काम नहीं करेंगे तो आप सीधे मेरे
पास आ जाना मैं आपके काम एक मिनट में करवा दूंगा। यदि किसी और को जिता दिया
तो वह जीता हुआ उम्मीदवार जीतकर भी हारे हुए के समान होगा। इस दौरान विर्क
ने असंध के विकास को लेकर भी दावे किए। विर्क ने कहा कि अब असंध का
पिछड़ापन दूर हो जाएगा। सीपीएस के बयान के बाद असंध की राजनीति भी गरमा गई
है।
कांग्रेस ने साधा बीजेपी पर निशाना
वरिष्ठ कांग्रेसी
नेता पंकज पूनिया का कहना है कि बीजेपी को वोट देकर जनता पहले ही अपने को
ठगा हुआ महसूस कर रही है। अब मुख्य संसदीय सचिव उन्हें आगे भी बीजेपी को
वोट देने की बात कर रहे हैं। पंचायती राज के दौरान आने वाली ग्रांट को कोई
नहीं रोक सकता। यह जनता को गुमराह करने वाला ओर उनको ब्लैकमेल करके वोट
हासिल करने का हथकंडा है। कांग्रेस पार्टी मुख्य संसदीय सचिव के इस बयान की
कड़े शब्दों में निंदा करती है। उधर, इस मामले में इनेलो के हलका अध्यक्ष
धर्मबीर पाढा ने कहा कि बीजेपी नेता का ऐसा बयान बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण
है। यह बयान बीजेपी नेताओं की मानसिकता को दर्शाता है कि वे किस मानसिकता
के नेता हैं।