असंध के बाद अब निसिंग के एक किसान ने धान की फसल डूबने पर फंदा लगाकर
आत्महत्या कर ली है। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में
पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस मामले में
कार्रवाई कर रही है। सोमवार को असंध के रत्तक गांव वासी किसान निर्मल सिंह
ने भी धान की फसल डूबने पर गांव के तालाब में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली
थी। निसिंग के गोंदर गांव वासी किसान नफियाराम ने खेत में फंदा लगाकर
आत्महत्या कर ली।
निसिंग के गांव गोंदर के नफियाराम (58) उर्फ नफे सिंह
का शव मंगलवार को खेत में जामुन के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। मृतक
किसान नफियाराम के लड़के प्रवीन ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे उसके पिता
खेत में गए थे। सुबह प्रवीन खेत में चाय लेकर पहुंचा तो उसने पिता को पेड़
पर फंदे से लटका देखा।
प्रवीन ने बताया कि उसके पिता ठेके पर जमीन लेकर
खेती करते थे। पहले गेहूं की फसल खराब होने से उसके पिता पहले से ही परेशान
थे, अब धान के आठ एकड़ में लगी फसल खराब होने पर स्थिति बहुत खराब हो गई
थी। इसके चलते उन्होंने फंदा लगा लिया। परिजनों ने बताया कि नफियाराम के छह
बच्चे हैं। इनमें से दो लड़कियां व एक लड़के की शादी नहीं की गई है।