संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव खिजराबाद में देर रात भैंस चोरी करने आए बदमाशों और ग्रामीणों के बीच गोलियां चलने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि जैसे ही चोर भैंस चोरी करने घर में घुसे ग्रामीण जाग गए। जिसके चलते चोरों ने गोलियां चला दी। जवाब में ग्रामीणों ने गाड़ी के टायर में गोली मारी। जिसके बाद चोर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे 709ए पर सालवन चौक पर जाम लगाकर नारेबाजी की। डीएसपी गौरव के आश्वासन के बाद जाम खोला।
खिजराबाद निवासी सूबा सिंह ने बताया कि देर रात कैंटर लेकर कई लोग भैंस चोरी के लिए आए थे, लेकिन ठीक उसी समय वह जाग गए तो चोर कैंटर लेकर गोलियां चलाते हुए असंध की ओर भाग गए। गोलियों की आवाज सुनकर लोग जग गए और चोरों का पीछा किया। इस दौरान उन्होंने भी चोरों की गाड़ी पर गोली चला दी, जिससे चोरों की गाड़ी का टायर फट गया। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने रास्ते में सुबह चार बजे एक अन्य गाड़ी में दो भैंस और तीन कटड़ी पकड़ी हैं। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। बढ़ती चोरी की वारदातों से परेशान कई गांवों के ग्रामीणों ने पहले थाने के बाहर हंगामा किया, फिर सालवन चौक पर लगभग तीन घंटे जाम लगाकर नारेबाजी की। मौके पर सीआईए इंचार्ज ऋषि कुमार, थाना प्रभारी बलजीत सिंह व डीएसपी गौरव कुमार ने किसानों को समझाया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। कई घंटे बाद डीएसपी गौरव कुमार के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
ग्रामीणों ने भैंस चोरी की समस्या को लेकर जाम लगाया है। उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। पुलिस मुस्तैदी से काम करेगी।
गौरव कुमार, डीएसपी असंध