माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रविवार से तापमान और कम कम होने के आसार हैं, इससे दिन के साथ रात में भी ठिठुरन बढ़ेगी। इसके अलावा नव वर्ष यानी 1 एक जनवरी तक शीतलहर चलने की भी संभावना है। ऐसे में अगले सप्ताह भी राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने 29 तक ऑरेंज और 30 व 31 दिसंबर तक घने कोहरे और सर्दी बढ़ने का येलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। सुबह जिला कोहरे की चादर में ढका दिखाई दिया। शुक्रवार की रात से ही घना कोहरा छा गया था। स्थिति यह रही कि राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों पर दृश्यता 15 मीटर तक रह गई। जिससे सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए। साथ ही ट्रेनों का शेड्यूल भी गड़बड़ा गया। मिनटों में तय होने वाला सफर घंटों में तय हुआ।
सुबह से ही कोहरा इतना घना था कि चंद दूरी पर खड़ा व्यक्ति भी दिखाई नहीं दे रहा था। हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट और इंडिकेटर जलाकर रेंगते हुए आगे बढ़ने को मजबूर दिखे। कोहरे के कारण लंबी दूरी की बसें और ट्रेन निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रहे हैं। कोहरे के साथ-साथ चल रही शीतलहर ने जिले में ठिठुरन बढ़ा दी है। तापमान में आई गिरावट के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.2 और न्यूनतम 8.1 डिग्री सेल्सियस था।
पश्चिमी विक्षोभ का पड़ेगा प्रभाव
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 31 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील संभावित है। इस दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बीच-बीच में आंशिक बादल के आसार हैं। दिन के तापमान में हल्की गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान नमी बढ़ने से ज्यादातर क्षेत्रों में पर सुबह व देर रात्रि धुंध भी रह सकती है। 28 से 30 दिसंबर के बीच में ठंड और बढ़ने की संभावना है। 31 दिसंबर के बाद उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवा चलने से विशेषकर रात के तापमान में फिर से गिरावट संभावित है।
आगामी दिनों का संभावित तापमान
- 28 दिसंबर को घना कोहरा छाने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
- 29 दिसंबर को घना कोहरा छाने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
- 30 दिसंबर को घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
एक से ढाई घंटे देरी से पहुंच रही बसें
कोहरे और गिरते पारे ने यातायात प्रभावित किया है। लंबी दूरी की बसें अपने निर्धारित समय से एक से ढाई घंटे तक की देरी से पहुंच रही हैं। इस कारण बसों के इंतजार में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली, चंडीगढ़, कैथल, अंबाला, देहरादून, कटरा, पटियाला, लुधियाना, हिसार, हरिद्वार सहित अन्य मार्गों पर बसें देरी से पहुंच रही हैं। इससे कुछ बसों के टाइम भी मिस हो रहे हैं।