करनाल। रुक-रुककर दिनभर हुई बारिश का सर्वाधिक असर बाजार पर पड़ा। इससे बाजार को एक ही दिन में करीब छह करोड़ रुपये का झटका लगा। ग्राहकों के नहीं आने से दुकानदार खाली बैठे दिखाई दिए।
बाजार खुलने के समय से ही बारिश शुरू हो जाने के कारण बाजार प्रभावित रहा। फड़ वाले दुकानें ही नहीं लगा सके। दुकानों वाले दुकानदार भी दिनभर ग्राहकों की राह देखते रहे। हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान कृष्ण लाल तनेजा ने बताया कि करीब 60 फीसदी बाजार प्रभावित रहा। करनाल का बाजार औसत करीब दस करोड़ रुपये का होता है। सोमवार को बाजार को करीब छह करोड़ रुपये के नुकसान हुआ, क्योंकि बाजार में सिर्फ आवश्यक खरीदारी वाले ही पहुंचे। खुले में लगने वाला बाजार पूरी तरह प्रभावित रहा।
सुबह की सफाई भी रही प्रभावित
करनाल। नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को भी बारिश से झटका लगा। इसके अलावा लगातार बारिश होते रहने के कारण फॉगिंग कराने का अभियान भी नहीं चल रहा। सुबह को सफाई कर्मचारी तो पहुंचे लेकिन बारिश होते रहने के कारण पर्याप्त सफाई नहीं हो सकी थी, क्योंकि अधिकतर सड़कों पर जलभराव की स्थिति रही, हालांकि डोर टू डोर कूड़ा उठवाया गया। फॉगिंग अभियान को फिलहाल आज के लिए निरस्त करना पड़ा।