करनाल। जुंडला गेट स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर संचालित द वारियर जिम में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग से जिम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हादसा दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ।
आग लगने के दौरान जिम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग की जांच में सामने आया कि जिम संचालक के पास फायर एनओसी नहीं थी और जिम में किसी प्रकार के अग्निशमन उपकरण भी नहीं लगे थे।
जिम संचालक कन्हैया के अनुसार उन्हें बताया गया कि दोपहर में अचानक बैटरी में ब्लास्ट हुआ। इसके बाद जिम के अंदर से धुएं का गुबार उठने लगा और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। पहली मंजिल पर स्थित जिम से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के बाद जिम के अंदर जाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।