करनाल/घरौंडा। नई अनाज मंडी में श्री शिव पुराण कथा में पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि गुरु का एक काम है, तुम्हें शंकर तक पहुंचाना, इससे ज्यादा गुरु कुछ नहीं कर सकता। शिव पुराण में लिखा है कि अगर बेलपत्र पूर्ण है, या खंडित हो, या तीन पत्र टूट गए और आप के हाथ में जो है उसे शिव बाबा को समर्पित करोगे तो वही शिव बाबा को स्वीकार है।
बुधवार शाम कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। पंडाल से बाहर आने से पहले बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु बैरिकेड के बीच से निकलकर आगे बढ़ने लगीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन श्रद्धा के आगे उनकी एक न चली। इसी दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा पंडाल से बाहर आए और कार के सनरूफ से बाहर निकलकर उपस्थित श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। उन्होंने हाथ हिलाकर सभी को आशीर्वाद दिया। पंडाल परिसर में मौजूद श्रद्धालु भी उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए।
प्रवचन करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा है कि शिव सभी के पिता हैं जो भी बेटा व बेटी कर्म करेगा, वह अच्छा करेगा या बुरा करेगा, उसको लेकर भगवान शिव खुश होंगे कि उसके बेटे ने कर्म तो किया है। जब मंदिर में शिव पर जलाभिषेक करने जाए तो नंदी के पास बैठकर चिंतन करना चाहिए और ये भाव लेना चाहिए ताकि मन, चिंतन में बुरा भाव नहीं होना चाहिए। शिव भाव के भूखे हैं और जिस भाव से बेलपत्र उनको समर्पित करता है, तो वह अपने बच्चों को आशीर्वाद जरूर देते हैं। आरती में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण भी शामिल हुए।