द ग्रेट खली के नाम से चर्चित दिलीप सिंह राणा जल्द ही कर्णनगरी को स्पोर्ट्स एकेडमी की सौगात देंगे। समानाबाहु में 45 कनाल भूमि पर यह एकेडमी तैयार की जा रही है। विश्व एथलेटिक दिवस पर विशेष बातचीत में उन्होंने यह जानकारी दी। बताया कि दो से तीन माह में यह एकेडमी शुरू कर दी जाएगी। इसमें सभी तरह के गेम्स और रेसलिंग की विशेष सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि एकेडमी का उद्देश्य भारत में स्पोर्ट्स को बढ़ावा देना है।
खली का जन्म 27 अगस्त 1975 में पंजाब के एक छोटे से गांव में हुआ था। उन्होंने बताया कि वह असल में पहले मजदूरी, खेती-बाड़ी और पत्थर तोड़ने का काम करते थे। उसके बाद मालाबार हिल्स शिमला में एक होटल में काम करने लगे, लेकिन खली की डाइट भी इससे पूरी नहीं हो पाती थी। ऐसे में घर के लिए पैसा बचाना असंभव था। उन्होंने होटल के मालिक को कहा कि उन्हें कहीं और नौकरी पर लगवा दें ताकि वह अपना गुजारा अच्छे से चला सके। होटल के मालिक ने उनकी मदद करते हुए अखबार में इश्तेहार छपवाया, जिसमें कहा गया कि एक 7 फुट 1 इंच की हाइट वाले व्यक्ति को नौकरी की जरूरत है। पंजाब के एडीजीपी महल सिंह भुल्लर ने जब यह इश्तेहार पढ़ा तो उन्होंने डीएसपी को भेजा जो कि खुद बास्केटबॉल के प्लेयर थे। उन्होंने द ग्रेट खली को सिपाही के रूप में भर्ती कर लिया।
जनवरी 1994 में भर्ती के बाद उनकी ढाई महीने की ट्रेनिंग करवाई गई। इसके बाद उन्हें एथलीट के कई गेम्स बॉक्सिंग और बास्केटबॉल में डाला गया। फिर खली को बॉडी बिल्डिंग में डाल दिया गया। इसके बाद खली ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर एशिया, मिस्टर इंडिया भी बने। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉडी बिल्डिंग में चले गए। 1997 में डब्ल्यूडब्ल्यूई में जाने के लिए ट्रेनिंग के लिए जापान चले गए। 2 साल जापान में डब्ल्यूडब्ल्यूई की ट्रेनिंग ली। फिर डब्ल्यूडब्ल्यू एफ में अमेरिका में चयनित हो गए। वहां उन्होंने पहले ट्रेनिंग ली और बड़े-बड़े रेसलर को धूल चटाई। इसी दौरान उनकी पंजाब पुलिस के अधिकारी की बेटी से शादी हो गई। आज इनकी 12 साल की एक बेटी है।
कई फिल्मों में कर चुके काम, अमेरिका में नई मूवी के लिए है आफर
द ग्रेट खली कई हॉलीवुड और कई बॉलीवुड फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि एक नई मूवी के लिए भी आफर है जो अमेरिका में बनाई जाएगी, लेकिन कोरोना के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है।