कुरुक्षेत्र। सांसद नवीन जिंदल की पहल पर सांसद खेल महोत्सव 2025 के तहत आगामी 13 दिसंबर को शाम तीन बजे जिंदल हाउस सांवला में पोलो एग्जीबिशन मैच का आयोजन होगा। पोलो जिसे भारत में प्राचीन काल में चौगन कहा जाता था, कभी राजघरानों और सेना का गौरव रहा, लेकिन समय के साथ यह खेल लगभग विलुप्त हो गया था। सांसद नवीन जिंदल ने इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ युवाओं तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने नोएडा स्थित जिंदल पोलो एस्टेट में पांच अंतरराष्ट्रीय स्तर के पोलो मैदान स्थापित किए हैं, जिनमें से एक देश का एकमात्र नाइट-पोलो ग्राउंड है।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि पोलो भारत की सांस्कृतिक विरासत और शौर्य परंपरा का प्रतीक है। कुरुक्षेत्र की पवित्र धरती पर इसका आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मैच स्थल पर सभी व्यवस्थाएं, जैसे ग्राउंड लेवलिंग, सेफ्टी बैरियर्स, दर्शक दीर्घा और खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं, पूरी तरह तैयार हैं। घोड़े भी नोएडा से कुरुक्षेत्र पहुंच चुके हैं। यह आयोजन स्थानीय खेल संस्कृति और युवाओं की खेल जागरूकता को नई दिशा देगा।