करनाल। निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाएं पूरी होने पर 10 सालों में घरौंडा हलके की तस्वीर बदल जाएगी। कुटेल स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी का चरणबद्ध तरीके से विस्तार पूरा होने पर न केवल हजारों लोगों को रोजगार प्राप्त होगा बल्कि बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं भी सुलभ हो सकेंगी। हलके के मध्य से गुजर रहे रिंग रोड का कार्य पूरा होने से तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे।
ये बातें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहीं। वह वीरवार को गढ़ी मुल्तान और डींगर माजरा गांव में दौरा कर रहे थे। दोनों गांवों में उनका स्वागत किया गया। गढ़ी मुल्तान की प्रशंसा करते हुए उन्होंने इसे तरक्की पसंद गांव बताया। कल्याण ने कहा कि 2014 से पहले घरौंडा हलका विकास में काफी पिछड़ा था। भाजपा सरकार बनने के बाद हलके में काफी विकास हुआ है। एक समय था जब लोगों को छोटे-मोटे कार्यों के लिए करनाल जाना पड़ता था, लेकिन घरौंडा में उपमंडल बनने के बाद उन्हें काफी सुविधा मिली है। आज सरकारी योजनाओं का पूरा पैसा लाभ पात्रों के बैंक खातों में सीधे पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी का प्रथम चरण इसी साल पूरा हो जाएगा। अगले 15- 20 सालों तक इसका निरंतर विस्तार जारी रहेगा। यहां बड़े अस्पताल खुलेंगे, नए डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। इससे न केवल हलके के लोगों बल्कि उत्तरी हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को फायदा होगा। अराईपुरा में एनसीसी अकादमी का निर्माण कार्य जारी है। सालों से उपेक्षित नहरों की खोदाई भी कराई जा रही है। इससे बाढ़ का खतरा कम होगा और नहरों में सिंचाई के लिए पहले से अधिक मात्रा में पानी आ सकेगा।
नई चीनी मिल बनने से गन्ना उत्पादक किसानों को फायदा हुआ है। कल्याण ने कहा कि आने वाले समय में मेट्रो का विस्तार पानीपत से करनाल तक होगा और घरौंडा हलके में इसके तीन स्टेशन पड़ेंगे। मेट्रो आरंभ होने से लोग एक घंटे में दिल्ली पहुंच सकेंगे। उन युवाओं का काफी समय बचेगा जो पढ़ाई के लिए दिल्ली आते-जाते है। मौके पर उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम राजेश सोनी, बीडीपीओ अशोक छिक्कारा, मंडल अध्यक्ष नरेश आदि मौजूद रहे।