संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में दिल्ली पुलिस और आरपीएफ की टीम के बीच फाइनल होगा। बुधवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने पंजाब पुलिस की टीम को 7 विकेट और आरपीएफ ने यूपी पुलिस को 3 विकेट से हराया।
बुधवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला पंजाब पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीम के बीच हुआ। पंजाब पुलिस ने 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। जवाब में दिल्ली पुलिस की टीम ने 17.3 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। दिल्ली पुलिस की टीम के बल्लेबाज सुनील सहवाग ने 49 गेंदों पर 81 रन की शानदार पारी खेली। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी पुलिस की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। आरपीएफ की टीम ने 19.5 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम किया। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अनंत वैभव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए और 52 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली। वीरवार को फाइनल सेक्टर-9 में बने क्रिकेट मैदान में होगा।
सुनील की बल्लेबाजी के मुरीद हुए दर्शक
पहले सेमीफाइनल में दिल्ली पुलिस की टीम के दो विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए सुनील मैदान पर आए। पहले थोड़ा संभल कर खेले। बाद में एक के बाद एक 14 चौके जड़े। हर चौके पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता में स्ट्रेट ड्राइव खेलता पंजाब पुलिस टीम का खिलाड़ी। संवाद