- चालक घायल, जीटी रोड पर शामगढ़ के पास हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जीटी रोड पर शनिवार को शामगढ़ के पास सड़क हादसे में बोलेरो पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चालक सड़क किनारे खड़ी गाड़ी की स्टेपनी बदल रहा था। पीछे से तेज रफ्तार दिल्ली नंबर की डिजायर कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद जीटी रोड पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस अधिकारी शीशपाल टीम सहित मौके पर पहुंचे और रास्ता खुलवाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शव गृह रखवा गया है।
वहीं हादसे में डिजायर कार का चालक भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति अंबाला के नारायणगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था और अपने भतीजे के साथ सफर कर रहा था। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो पिकअप का पहिया निकल गया था, जिसके बाद उसका चालक सड़क किनारे डिवाइडर के पास खड़े होकर स्टेपनी बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही दिल्ली नंबर की डिजायर कार ने उसे टक्कर मार दी।