माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मेरठ रोड पर नगला चौक के पास वीरवार शाम 7 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। कंबाइन और ट्रक की टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक में सवार चालक और परिचालक केबिन में फंस गए। डेढ़ घंटे तक बचाव कार्य चला। आखिर दोनों को केबिन से बाहर निकाल लिया गया। चालक की टांगें टूट गई थीं। परिचालक को भी गंभीर हालत में सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह दब गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों और आसपास के लोगों की डेढ़ घंटे तक मशक्कत के बाद केबिन से पहले चालक को बाहर निकाला जा सका। चालक की टांगें टूट गई थीं। वह गंभीर रूप से घायल था। बाद में परिचालक को निकाला गया।
दोनों को लोगों की मदद से एक प्राइवेट वाहन के जरिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि कंबाइन के चालक की लापरवाही से हादसा हुआ। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक और कंबाइन को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। शाम 7 बजे से लगा जाम रात नौ बजे के बाद खुला।
एंबुलेंस नहीं पहुंची, पुलिस ने निभाई जिम्मेदारी
एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे घायलों को तुरंत अस्पताल भेजने में दिक्कत हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद कंबाइन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि हादसा किसकी लापरवाही से हुआ।