एनडीआरआई का निरीक्षण करते हरियाणा गौ सेवा आयोग के सदस्य संस्थान
करनाल। हरियाणा में देसी गोवंश की नस्ल सुधारने और गोशालाओं में पशु कल्याण को बेहतर बनाने के लिए हरियाणा गो सेवा आयोग ने राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) से तकनीकी सहयोग लेने की पहल की है। आयोग उत्तम नस्ल के पशु और उच्च गुणवत्ता वाली सीमेन डोज प्राप्त करने के साथ गोशाला कर्मियों को वैज्ञानिक पशु प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिलाना चाहता है। इसी सिलसिले में बुधवार को आयोग का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल एनडीआरआई पहुंचा और संस्थान के विशेषज्ञों के साथ संभावनाओं पर चर्चा की।
हरियाणा गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष सुमन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सुरेंद्र संधू, ऋषि पाल कौशिक और समय सिंह कश्यप शामिल रहे। हरियाणा पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. ओपी कुकरेजा भी उनके साथ मौजूद थे। एनडीआरआई के निदेशक डॉ. धीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और संस्थान में चल रहे अनुसंधान, आधुनिक प्रजनन तकनीकों व डेयरी किसानों के लिए संचालित प्रशिक्षण व प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी दी। एनडीआरआई निदेशक डॉ. धीर सिंह ने तकनीकी सहयोग का आश्वासन दिया।
बेहतर नस्ल और सीमेन पर जोर
सुमन कुमार गुप्ता ने देसी गोवंश की आनुवंशिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। आयोग ने नस्ल सुधार के लिए एनडीआरआई से बेहतर नस्ल के पशु और सीमेन डोज उपलब्ध कराने में रुचि दिखाई। गोशालाओं में पशुओं की देखभाल को वैज्ञानिक बनाने का मुद्दा भी उठा। आयोग ने गोशाला कर्मियों के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल का प्रस्ताव रखा। इसमें पशुओं के पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और वैज्ञानिक आवास प्रबंधन जैसे विषय शामिल होंगे।