करनाल। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दोबारा कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक की। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025, अवैध पशु डेयरी सील, आवारा पशु, बल्क वेस्ट जेनरेटर्स की चेकिंग, सीएंडडी वेस्ट प्लांट और पशुओं की टेगिंग पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार को निर्देश दिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 पर पूरा फोकस किया जाए। इसे लेकर एक एक्शन प्लान तैयार कर उस पर काम शुरू करें। उन्होंने उप निगमायुक्त अभय सिंह व मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा को निर्देश दिए कि शहर में अवैध रूप से चल रही पशु डेयरियों को सील किया जाए। उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक से सार्वजनिक स्थान, सड़कें, शिक्षण संस्थान व अस्पताल से आवारा पशुओं को हटाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने फूसगढ़ गोशाला में मौजूद सभी गायों व नंदियों को टैग लगवाने के भी निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि शहर में बल्क वेस्ट जेनरेटर का कचरा निस्तार प्रबंधन को लेकर निरीक्षण करें। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र से निकलने वाले कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट के निस्तारण के लिए गांव दहा में एक प्लांट लगाया जाएगा। इसकी क्षमता 15 टन प्रतिदिन (टीपीडी) की रहेगी। इसके लिए निगम ने टेंडर लगाया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण के स्तर को कम रखने के लिए पानी का छिड़काव नियमित तौर पर करवाते रहें। कार्यकारी अभिंयता ओपी करदम ने बताया कि इसके लिए शहर में दो ट्रैक्टर-ट्राॅली लगाई गई हैं, जो एसटीपी से उपचारित जल का सड़कों पर छिड़काव कर रही हैं। इसके अतिरिक्त सभी मुख्य सड़कों की सफाई रोड स्वीपिंग मशीन से करवाई जा रही है।