माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के वार्ड-15 की खस्ताहाल सड़कों को जल्द दुरुस्त करने की तैयारी कर ली गई है। लंबे समय से गड्ढों और टूटे रास्तों से परेशान लोगों को राहत देने के लिए निगम ने करीब आठ लाख रुपये से सड़क मरम्मत का कार्य शुरू करने की योजना बनाई है। विशेष तौर पर कुम्हार मोहल्ला सहित वार्ड की कई गलियों और सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिससे करीब दो हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से टूटी हुई हैं। बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। क्षेत्रवासियों ने कई बार निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की थी।
जल्द शुरू होगा काम
निगम अधिकारियों के अनुसार वार्ड 15 की सड़कों का सर्वे कर लिया गया है और मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। टेंडर स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कुम्हार मोहल्ला की मुख्य सड़क के अलावा अंदरूनी गलियों में भी पैचवर्क और आवश्यक स्थानों पर नई लेयर डाली जाएगी।
निगम एक्सईएन ओपी करदम ने बताया कि मरम्मत के दौरान जल निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में सड़कों की हालत जल्दी खराब न हो। जिन स्थानों पर पानी जमा होने की समस्या है, वहां विशेष ध्यान दिया जाएगा।