माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। फुटपाथों पर अतिक्रमण के खिलाफ आखिरकार नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को निगम टीम ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज से लेकर गीता द्वार क्षेत्र में करीब ढाई किलोमीटर सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की। 25 रेहड़ी-फड़ वालों को हटाया।
टीम ने शुरुआत एनडीआरआई रोड से की। यहां से टीम कार्रवाई करते हुए गीता द्वारा तक पहुंची। फुटपाथ और सड़क से रेहड़ी-फड़ वालों को हटाया। इसके बाद टीम ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रोड पर कार्रवाई की। अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण किया तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फुटपाथ और सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ अमर उजाला ने अभियान चलाया था। 21 मार्च से एक अप्रैल तक लगातार शहर की सड़कों के हालात दिखाए गए। 2 अप्रैल को अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने शहर की सड़कों पर अतिक्रमण का जायजा लिया था। 3 अप्रैल को अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अब शहर की हर सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थान से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
लोग बोले, निगम की लापरवाही से अतिक्रमण
स्थानीय निवासी एडवोकेट राजकुमार, दर्शन सिंह और सतीश कुमार का कहना है कि यह नगर निगम के अधिकारियों की ही लापरवाही है कि सड़कों पर अतिक्रमण हुआ। निगम की टीम ने कार्रवाई की शुरुआत की है लेकिन यह अभियान थमना नहीं चाहिए जब तक पूरे शहर की सड़कों से अतिक्रमण नहीं हट जाता।
वर्जन-
अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी रहेगी। कुछ जगहों से शुक्रवार को अतिक्रमण हटाया गया है, फुटपाथ को भी खाली कराया गया है। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। -अशोक कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त