संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। महाराणा प्रताप बस अड्डे पर लंबे समय से दोगुना पार्किंग किराया वसूले जाने की शिकायत पर शुक्रवार को हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के ट्रैफिक मैनेजर (टीएम) ने जांच की। ठेकेदार तय 10 रुपये की बजाय बाइक पार्किंग के 20 रुपये वसूल रहा था।
साथ ही बस अड्डे के आसपास अवैध पार्किंग भी करवाई जा रही है। टीएम ने निर्देश दिए कि निर्धारित शुल्क ही लिया जाए और किराये की सूची सार्वजनिक स्थान पर स्पष्ट रूप से लगाई जाए। करनाल रोडवेज के जीएम कुलदीप ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसने निर्धारित समय में कोई जवाब नहीं दिया। अब जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है और इसके आधार पर अगली कार्रवाई तय होगी। उन्होंने साफ किया कि यदि ठेकेदार की अवैध वसूली की पुष्टि हुई तो उसका ठेका तुरंत रद्द कर दिया जाएगा।