माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुगल कैनाल बाजार की सड़क की हालत जल्द सुधरेगी। उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने नगर निगम के अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर जाकर बाजार की सड़क का निरीक्षण किया और दुकानदारों से बातचीत कर समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक पानी की समस्या का स्थाई समाधान नहीं होता है, तब तक सड़क पर तत्काल पैच वर्क कराया जाए। वहीं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पिछले सप्ताह अमर उजाला ने मुगल कैनाल बाजार की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसका संज्ञान लेते हुए उपायुक्त सोमवार को मुगल कैनाल बाजार पहुंचे। उन्होंने फव्वारा चौक से निरीक्षण शुरू किया। करीब आधा किमी तक चलकर पानी की निकासी की समस्या देखी। दुकानदारों के बताने पर मुगल कैनाल की दुकानों के पीछे कूड़े के डंपिंग एरिया को भी पार्क या पार्किंग में विकसित करने का आश्वासन दिया। निगम अधिकारियों को तुरंत चहारदीवारी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता नवतेज सिंह, निगम की कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी, एमई सतीश मित्तल, समाजसेवी संदीप लाठर, एडवोकेट राजेश शर्मा तथा अन्य दुकानदार उपस्थित रहे।
डिवाइडर बनाकर होगी पार्किंग की व्यवस्था
उपायुक्त ने जब मुगल कैनाल बाजार के दुकानदारों से बातचीत की तो उन्होंने सुझाव दिया कि मुगल कैनाल के मध्य में बने पार्क की जगह डिवाइडर बनाकर पार्किंग की व्यवस्था करवाई जाए। जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति न बने। उपायुक्त ने मौके पर नगर निगम की कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी व एमई सतीश मित्तल को निर्देशित किया कि मुगल कैनाल की इस सड़क पर पार्किंग के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार करें, जब तक इस कार्य की प्रक्रिया पूरी नहीं होती तब तक सड़क पर सीसी का पैच वर्क करवा दिया जाए।
सड़क पर पानी न बहाएं दुकानदार
मुगल कैनाल के दुकान मालिकों का भी आह्वान किया कि वे सड़क पर पानी न गिराएं, बिटुमिन से बनी सड़क पर पानी भरे रहने से जल्द टूटने लगती है। इसलिए वह प्रयास करें कि पानी को ड्रेन में ही डाला जाए। बरसाती पानी की निकासी के लिए शीघ्र व्यवस्था होगी। इसके लिए उपायुक्त ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया। पानी जमा न हो इसके लिए मुगल कैनाल में निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इस समस्या का जल्द ही समाधान हो जाएगा।
सड़कों की स्थिति को लेकर व्हाट्सएप नंबर व ईमेल आईडी जारी
सड़कों की खराब स्थिति से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए जिला प्रशासन ने ईमेल आईडी roadsafetymeetingkrl@gmail.com जारी किया है। जिस पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिला सड़क सुरक्षा समिति की अगली बैठक में भी इस प्रकार के मुद्दे पहले भी आते रहे हैं, उनका भी समाधान किया जाएगा।