जितेंद्र पांचाल
कैथल। गुहला में खस्ताहाल भवनों में चल रहे शिक्षा के मंदिरों में अब जल्द सुधार होगा। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों की मरम्मत कराने का फैसला लिया है। विभाग की ओर से प्रत्येक स्कूल की मरम्मत पर 25-25 लाख रुपये खर्च होंगे। इस बजट से स्कूलों में सफेदी कराने, टूटी दीवारों को बनाने, शौचालयों को दुरुस्त कराने, फर्श और रास्तों को ठीक कराने सहित अन्य प्रकार के कार्य किए जाएंगे। विभाग जल्द से जल्द इस कार्य को शुरू कराने के प्रयास में हैं।
26 करोड़ 75 लाख रुपये होंगे खर्च
गौरतलब है कि गुहला ब्लॉक में इस समय 107 सरकारी स्कूल हैं। इनमें प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। मरम्मत के कार्य में भी सभी स्कूलों को शामिल किया है। 107 स्कूलों की मरम्मत पर विभाग की ओर से 26 करोड़ 75 लाख खर्च होंगे। फिलहाल तक विभाग ने सभी स्कूलों के लिए एक राशि निर्धारित की है, लेकिन अगर किसी स्कूल में अतिरिक्त राशि की जरूरत होती है तो इस संबंध में भी विभाग से पत्राचार किया जाएगा।
मरम्मत के साथ होगा सौंदर्यीकरण
गुहला ब्लॉक में इस समय काफी स्कूलों की स्थिति तो अच्छी है, लेकिन कुछ स्कूल ऐसे भी हैं, जिनके भवन अच्छी स्थिति में नहीं हैं। पुराने भवनों से सफेदी तक उतर चुकी है। ऐसे में इनकी मरम्मत होने से स्थिति तो सुधरेगी ही, साथ में स्कूलों का सौंदर्यीकरण भी होगा। स्कूलों के शिक्षकों और प्रबंधक कमेटियों की सहमति से मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाएगा।
मिल चुकी है विभागीय स्वीकृति : शमशेर सिंह
जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने बताया कि स्कूलों में होने वाले मरम्मत के कार्य को विभागीय स्वीकृति मिल चुकी है। विभाग को बजट मिलने का इंतजार है। जैसे ही बजट आएगा, उसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। टेंडर के तुरंत बाद मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। विभाग जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने के प्रयास में है।