छावनी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देसराज बाजवा। कॉलेज
- फोटो : कांशीराम कालोनी में निरीक्षण करती अपर निदेशक स्वास्थ्य रेखा रानी। स्रोत-विडियो ग्रैब
अंबाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को सरकार ने संस्कृति मॉडल कॉलेज का दर्जा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस साल के बजट सत्र में घोषणा की थी कि प्रदेश के हर जिले से एक राजकीय महाविद्यालय को संस्कृति मॉडल कॉलेज का दर्जा दिया जाएगा।
इसके तहत विशेष बजट और छात्रों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं व रिसर्च का प्रावधान होगा। कॉलेज को मिले इस विशेष दर्जे पर प्राचार्य डॉ. देसराज बाजवा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह व उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद किया। प्राचार्य डॉ. देसराज बाजवा ने कहा कि सरकार ने किसी कॉलेज को संस्कृति मॉडल कॉलेज का दर्जा देने के लिए 14 मानदंड तय किए थे। छावनी का राजकीय महाविद्यालय इन सभी मानदंडों पर खरा उतरा। उन्होंने बताया कि कॉलेज को नेक का बी प्लस ग्रेड हासिल है। हरियाणा में यह किसी भी सरकारी कॉलेज का उच्चतम ग्रेड है।
उन्होंने बताया कि संस्कृति मॉडल कॉलेज बनने के बाद कॉलेज में लैब, रिसर्च व छात्रों की जॉब प्लेसमेंट पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके अलावा महाविद्यालय के शिक्षकों के लिए रिसर्च व इनोवेशन का प्रबंध होगा। इस नए दर्जे के बाद कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र में दाखिला लेने वाले छात्रों के बीच और अधिक कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।