अंबाला। नगर परिषद सदर अंबाला के हाउस की पहली बैठक काफी हंगामेदार रही। जहां उपाध्यक्ष के पद पर पेच फंस गया। चार कमेटियों के गठन के लिए भी जमकर विवाद हुआ। एक तरफ भाजपा के पार्षद अपनी दावेदारी पेश करते नजर आए तो दूसरी तरफ आजाद पार्षद। काफी गहमा-गहमी के बीच लगभग दो घंटे बाद नप के उपाध्यक्ष का फैसला हो पाया।
मौके पर मौजूद नप के प्रशासक और कैंट के उपमंडल अधिकारी विनेश ने स्थिति को संभाला और चुनाव प्रक्रिया के तहत हाउस की बैठक को संपन्न कराया। चुनाव से जहां भाजपा के ललता प्रसाद ने अपने प्रतिद्वंद्वी पार्षद सुधीर जायसवाल को 20 वोटों से शिकस्त दी। सुधीर को छह वोटों पर संतोष करना पड़ा।
उपाध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया में नप अध्यक्ष सहित सभी 32 पार्षदों ने मतदान किया था लेकिन इस दौरान एक मतदान को रद्द कर दिया, क्योंकि उस पर सही तरीके से मोहर नहीं लगी थी। इस दौरान हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी हाउस की बैठक में पहुंचे और उन्होंने नप के उपाध्यक्ष को फूल माला पहनाकर हौसला बढ़ाया।
बैठक में जमकर हुआ हंगामा : नप की हाउस बैठक के दौरान आजाद पार्षद अपनी आवाज बुलंद करते नजर आए। इस दौरान जब विकास कार्यों से जुड़ी कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू की तो आजाद पार्षद एक बार फिर मुखर हो गए।
उन्होंने यहां तक कह दिया कि बैठक में एक ही मुद्दे पर कार्रवाई होनी चाहिए थी जोकि उपाध्यक्ष पद से संबंधित थी और वो हो चुकी है। इसलिए कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को लंबित रखा जाए। मौके पर मौजूद भाजपा पार्षदों को यह बात नागवारा गुजरी और इस कारण दोनों तरफ काफी तीखी नोक-झोंक हो गई।
कमेटियों में चुने ये सदस्य : फाइनेंस एंड कांट्रेक्ट कमेटी में वार्ड नंबर सात के भाजपा पार्षद संजीव अत्री और वार्ड नंबर 32 की पार्षद निधि गर्ग को सदस्य चुना। इसी प्रकार फाइनेंस सब कमेटी में वार्ड नंबर 10 से भाजपा पार्षद रमन छतवाल, वार्ड नंबर 22 से प्रमोद लक्की, वार्ड 27 से शिवाजी और वार्ड नंबर 31 से डाॅ. शशि लाैंगिया सदस्य बने। वहीं पब्लिक वर्क एंड बिल्डिंग सब कमेटी में वार्ड नंबर तीन से भाजपा पार्षद मोहित कौशिक, वार्ड नंबर 18 से पार्षद श्याम सुंदर अरोड़ा, वार्ड नंबर 21 से बलजिंद्रपाल सिंह और वार्ड नंबर 28 से महेशचंद सदस्य चुने गए। जबकि सेनिटेशन एंड वॉटर सप्लाई सब कमेटी में वार्ड नंबर नंबर दो से भाजपा पार्षद रीना, वार्ड 9 से रेणु चौहान, वार्ड 19 से गौरव सैनी और वार्ड नंबर 26 से नरेश सदस्य चुने गए।