तरावड़ी और निसिंग नगर पालिका में वीरवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुन लिए गए। दोनों स्थानों पर नीलोखेड़ी से भाजपा विधायक भगवानदास कबीरपंथी के समर्थकों को चौधर मिली है। तरावड़ी में विधायक के छोटे भाई की पत्नी रेखा कबीरपंथी सर्वसम्मति से चेयरपर्सन चुनी गईं और पंकज गोयल वाइस चेयरमैन बने। वहीं, निसिंग में भाजपा समर्थित शैलेंद्र कुमार चेयरमैन और विनोद कुमार सिंगला सर्वसम्मति से वाइस चेयरमैन चुने गए।
तरावड़ी में तीसरी बार महिला के हाथ प्रधानी
तरावड़ी। नगरपालिका चुनावों में पार्षदों के चुनावों के बाद वीरवार को तरावड़ी नगरपालिका के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर चुनाव करवाए गए। इसकी देखरेख चुनाव रिटर्निंग अधिकारी जयपाल राणा ने की। विधायक भगवानदास कबीरपंथी की मौजूदगी में चुनावों के दौरान 15 पार्षदों में से 14 पार्षदों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से रेखा कबीरपंथी को नगरपालिका चेयरमैन बनाया गया।
काबिलेगौर है कि रेखा कबीरपंथी को सर्वसम्मति से पार्षद चुना गया था। तरावड़ी नगरपालिका में तीसरी बार चेयरमैन की कुर्सी पर महिला का कब्जा है। इससे पहले भी महिला की चेयरपर्सन रही हैं। चुनावों के दौरान वार्ड नंबर-10 की पार्षद रेखा नहीं पहुंची। जब उनसे नहीं पहुंचने का कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह बाहर गई हुई थीं।
घोषणा होने से पहले बज गया था ढोल
नगरपालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव करवाए ही जा रहे थे कि जीत की घोषणा से पूर्व ही ढोल बजा दिए गए और लड्डू बांट दिए गए। नगरपालिका में मौजूद लोगों की भीड़ यह सोचने पर मजबूर थी कि अभी रिजल्ट आया ही नहीं, लेकिन यह ढोल किसके नाम पर बजाए जा रहे हैैं। हर कोई ढोल वाले से पूछ रहा था कि यह ढोल किसकी जीत की खुशी में बजाया जा रहा हैै। नगरपालिका चेयरमैन बनने के बाद रेखा कबीरपंथी और उपाध्यक्ष पंकज गोयल ने कहा कि जो पार्षदों और तरावड़ी की जनता ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर खरा उतरेंगे।
उन्होंने कहा कि अब शहर का विकास एकजुट होकर किया जाएगा। इस मौके पर वार्ड नंबर-1 के पार्षद आत्मप्रकाश, वार्ड नंबर-2 से मीना, 3 से इंदू रानी, 4 से पंकज गोयल, 5 से प्रेम चंद, 6 से पूजा रानी, 7 से मुकेश रानी, 8 से सेठी पाल, 9 से मुकेश कुमार, 11 से अमित लांबा, 12 से नीलम रानी, 14 से ओमप्रकाश, 15 से तरजीत सिंह समेत समाजसेवी लाला साधूराम सिंगला, सतीश गुलाटी, रिंकू बसंल, मुकेश चौधरी, पवन अग्रवाल, रामसिंह, जिया लाल पांचाल, सुंदर लाल पंाचाल व गौरव गर्ग, राकेश गर्ग आदि मौजूद रहे।
छह वोटों से जीते सलिंद्र, सिंगला सर्वसम्मति चुने गए
निसिंग। नगर पालिका कार्यालय में हुए चुनाव में सलिंद्र कुमार को अध्यक्ष चुना गया, इसके साथ ही विनोद सिंगला को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया। नगर पालिका में कुल 13 पार्षद चुने गए हैं। सभी पार्षदों की सहमति न होने के कारण चुनाव करवाया गया। इसमें सलिंद्र कुमार को विधायक सहित दस पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि नवनीत कुमार को केवल चार पार्षदों ने समर्थन दिया।
विनोद सिंगला को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। बता दें कि निसिंग में एससी पुुरुष के लिए प्रधान पद आरक्षित था। पूरी प्रक्रिया के दौरान डीआरओ राजबीर धीमान, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, नगरपालिका सचिव बलबीर रोहिला, एमई विनोद गोयल व राकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।