संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। नौरता गांव में शादी वाले दिन 29 नवंबर को घर से खरीदारी के लिए निकले दूल्हे सोनू के पिता रामलाल (65) का शव पांच दिन बाद कलेसर के जंगल से मिला। करनाल सीआईए और इंद्री थाना पुलिस की टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया है। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करेगी।
नौरता गांव निवासी रामलाल घर से 80 हजार रुपये लेकर खरीदारी के लिए गए थे। शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजन ने शाम को इंद्री थाना में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। 30 नवंबर को बारात भी रामलाल के बिना चली गई थी। बारात वापस आने के बाद गांव में सीसीटीवी फुटेज देखी तो वह गांव के एक व्यक्ति मोर के साथ जाते दिखाई दिए थे। मृतक की पत्नी चंपा ने आरोप लगाया था कि रामलाल शनिवार को घर से रुपये लेकर शादी का सामान लेने के लिए बाजार जा रहे थे। इसी दौरान गांव का मोर उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। उन्होंने पुलिस को यह जानकारी दी। पुलिस ने मोर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मोर ने कबूल किया था कि उसने हत्या के बाद रामलाल का शव यमुनानगर स्थित प्रतापनगर के पास कालेसर के जंगलों में फेंका था।
मोर को थी रुपयो की जानकारी
पत्नी चंपा ने पुलिस को बताया कि पति रामलाल 28 नवंबर को बैंक से शादी के खर्च के लिए एक लाख रुपये निकलवाकर लाए थे। इस बात की जानकारी गांव के ही युवक मोर को थी। मोर तभी से पति के पीछे लगा हुआ था। पैसे के लालच में आरोपी ने उनके पति को लेकर गया था।
-
रामलाल की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की थी। बुधवार को उनका शव यमुनानगर में कलेसर के जंगल से मिला है। वीरवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद मामले का खुलासा किया जाएगा। -सतीश गौतम, डीएसपी, इंद्री