करनाल/टोहाना। बलियावाला गांव से कुछ दूरी पर सदर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग का शव भाखड़ा नहर से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान करनाल के असंध के गांव थारी निवासी 61 साल के बलकार के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक दोपहर के समय एक बुजुर्ग का शव नहर में होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। बुजुर्ग के कपड़ों से मिले पर्स से पहचान पत्र और पोते लवप्रीत का फोन नंबर मिला। जब पुलिस कर्मियों ने नवजोत को फोन मिलाया तो उसने बताया कि उसके दादा करीब 10 दिन पहले गुरुद्वारा जाने की बात कहकर घर से निकले थे, उसके बाद से नहीं लौटे।
लवप्रीत के अनुसार वह कई दिनों से दादा की तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया था। लव्रपीत ने बताया कि पहले भी उसके दादा कई बार ऐसे ही जाते रहे हैं, लेकिन कुछ दिनों के बाद लौट आते थे। जांच अधिकारी एसआई ललित ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है। इस बारे में परिजनों को सूचित कर दिया है, उनके आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।