करनाल। बदमाशों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि वह जिला प्रशासन की नाक तले ही वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हैं। सेक्टर-12 में बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने जिस जगह पर वारदात को अंजाम दिया है। वहां आस पास पूरा जिला प्रशासन बैठता है। कुछ कदमों की दूरी पर लघु सचिवालय है। जहां डीसी, एसपी सहित अन्य अधिकारी बैठते हैं।
दूसरी ओर जिला अदालत परिसर है। जहां जज फैसला सुनाते हैं। कुछ दूरी पर वकीलों के चेंबर हैं। पास ही नगर निगम का कार्यालय, पीएफ ऑफिस व पीएनबी, आयकर भवन, एलआईसी का जिला कार्यालय है। इस क्षेत्र में पूरे दिन चहल पहल रहती है। सैकड़ों लोगों का आना जाना रहता है। फिर भी बाइक सवार बदमाश एक युवक और वकील को गोली मारकर भाग गए। हालांकि वकील का घायल युवक हैप्पी के साथ कोई संबंध नहीं है। वकील गुरविंद्र फ्रूट चाट खाने के लिए वहां पर खड़ा था। जब बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं तो एक गोली वकील के पैर में लग गई और दो गोली हैप्पी को लगी है।
पुलिस सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
आस पास मौजूद लोगों ने बताया कि जिले में गोली चलने की वारदात आम हो चुकी है। हर दूसरे-तीसरे दिन कहीं न कहीं गोलियां चल जाती हैं। ऐसे में बदमाशों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है। जिला पुलिस को इस पर गंभीर होना चाहिए। शहर में हर चौक-चौराहे पर पुलिस होती तो वह बदमाशों को पकड़ सकते थे, लेकिन वह भाग गए। पुलिस को सख्त पहरा करना पड़ेगा।
लघु सचिवालय में होते हैं 50 से अधिक पुलिस कर्मी
बदमाशों ने जिस जगह पर वारदात को अंजाम दिया है। वहां से कुछ दूरी पर लघु सचिवालय में 50 से अधिक पुलिस कर्मचारी होते हैं। ऐसे में उन बदमाशों को पुलिस का कोई डर नहीं था। वह आए और वारदात को अंजाम देकर आसानी से बाइक पर भाग गए। वारदात के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर दी और आस पास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए। जिस जगह पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। वहां पर आस पास सीसीटीवी लगे हैं। पुलिस उसकी फुटेज खंगाल रही है।