- अधिसूचना जारी : 16 जून को पात्र आवेदक और 19 जून को पहली मेरिट सूची होगी जारी
- पहली बार आवेदक सूची जारी करके दूर कराई जाएंगी आवेदन फार्म की त्रुटियां
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्नातक में दाखिले के लिए इस बार आवेदन प्रक्रिया 22 दिन की रहेगी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत विद्यार्थी नौ जून तक ऑनलाइन आवेदन फार्म भर सकेंगे। इसके बाद आगामी प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि मेरिट सूची से पहले कॉलेजों में पात्र आवेदकों की सूची भी जारी की जाएगी।
इसके लिए 11 जून को एक सूची जारी होगी, जिसमें यदि फार्म में कोई आपत्ति है तो उसे भी दर्शाया जाएगा। इसे दुरुस्त करने और दस्तावेज सत्यापित होने के बाद 16 जून को पात्र आवेदकों की फाइनल सूची जारी होगी। इसके बाद 19 जून को विभाग की ओर से फाइनल मेरिट सूची जारी करते हुए दाखिले का पहला चरण शुरू किया जाएगा। खास बात यह भी है कि दो मेरिट सूची में फाइनल सूची जारी होने से पहले प्रोविजनल सूची भी जारी की जाएगी। ताकि विद्यार्थी व कॉलेज प्रबंधन सूची में यदि कोई त्रुटि है तो उसे दुरुस्त कर सकें।
जून माह में दोनों चरणों को पूरा करने के बाद विभाग की ओर से पहली जुलाई से ओपन काउंसलिंग के साथ दाखिले का तीसरा और अंतिम चरण शुरू किया जाएगा। इसके बाद सभी संस्थानों में शेष रिक्त बची सीटों पर दाखिले के लिए रोजाना ओपन काउंसलिंग करके मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहले आओ-पहले पाओ के तहत दाखिले होंगे। इस चरण में तीन जुलाई के बाद से विद्यार्थियों को विलंब शुल्क भी देना होगा। नौ जुलाई तक केवल 100 रुपये और इसके बाद 10 से 15 जुलाई तक इस विलंब शुल्क के अलावा 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क भी लगेगा।
तीसरे चरण में ही नए आवेदन और पुराने आवेदन फार्म में विकल्प संशोधन के लिए दोबारा से पोर्टल खुलेगा। जिले के 15 कॉलेजों में स्नातक की 10680 सीटें हैं, जिन पर दाखिला दिया जाएगा। इस बार हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई मिलाकर 18169 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा पास की है।
ऐसे चलेगी स्नातक में दाखिले की प्रक्रिया
- 09 जून तक चलेगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया।
- 10 जून तक आवेदन फार्म में कर सकते हैं संशोधन (ओटीपी आधारित)
- 11 जून को सभी आवेदकों की सूची जारी होगी। यदि फार्म में कोई आपत्ति होगी तो वह भी दर्शाई जाएगी।
- 15 जून तक कॉलेज कमेटियों की ओर से आवेदकों के दस्तावेज सत्यापित किए जाएंगे।
- 16 जून को पात्र आवेदकों की फाइनल सूची जारी की जाएगी।
- 18 से 29 जून तक चलेंगे दाखिले के दो चरण
- 18 जून को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी।
- 19 जून को फाइनल मेरिट सूची जारी होगी।
- 20 से 23 जून तक फीस जमा कर सकेंगे।
- 25 जून को दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होगी।
- 26 जून को फाइनल मेरिट सूची जारी होगी।
- 27 से 29 जून तक फीस जमा कर सकेंगे।
पहली जुलाई से शुरू होगी ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया
- 01 जुलाई को रिक्त बची सभी सीटों पर ओपन काउंसलिंग होगी।
- 02 जुलाई को नए पंजीकरण और फार्म में संशोधन के लिए पोर्टल खुलेगा।
- 03 से 09 जुलाई तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ ओपन काउंसलिंग में दाखिला होगा।
- 10 से 15 जुलाई तक 100 रुपये विलंब शुल्क और 100 रुपये प्रति दिन के हिसाब से अतिरिक्त शुल्क के साथ दाखिला होगा।
आवेदन प्रक्रिया नौ जून तक चलेगी। इसके बाद जो विद्यार्थी आवेदन से वंचित रहेगा। उसे दो चरणों की दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीसरे चरण में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। ऐसे में समय रहते सभी विद्यार्थी आवेदन फार्म जरूर भर लें।
- सुरेंद्र कुमार नागिया, प्रिंसिपल, राजकीय महाविद्यालय घरौंडा