करनाल। अब थैलेसीमिया जैसे गंभीर रक्त विकार की जांच के लिए लोगों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज या पीजीआई चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्द ही जिला नागरिक अस्पताल में भी थैलेसीमिया की जांच के लिए हाई-प्रेशर लिक्विड क्रोमैटोग्राफी (एचपीएलसी) मशीन लगाई जाएगी।
अभी तक यह सुविधा जिले में केवल मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध थी। अब स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में भी यह सुविधा शुरू करने की तैयारी कर ली है। मेडिकल कॉलेज में लोगों की जांच के लिए भीड़ रहती है। मेडिकल कॉलेज में पिछले छह महीनों में थैलेसीमिया की जांच के लिए 136 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
एचपीएलसी मशीन की कीमत लगभग 12 लाख रुपये है और इसके लिए अस्पताल की लैब की ओर से पंचकूला मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। मशीन आने के बाद थैलेसीमिया की जांच स्थानीय स्तर पर हो सकेगी। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. दीपक गोयल ने कहा कि अब तक थैलेसीमिया की जांच के लिए मरीजों को मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता था। मशीन आने से जिला अस्पताल में ही यह जांच हो सकेगी। थैलेसीमिया से ग्रसित मरीज नागरिक अस्पताल में केवल रक्त चढ़वाने के लिए आ रहे हैं। संवाद
जिले में करीब 140 थैलेसीमिया मरीज पंजीकृत हैं, जिन्हें हर 2-3 हफ्तों में रक्त चढ़वाना पड़ता है। नागरिक अस्पताल में रक्त चढ़ाने की सुविधा है, लेकिन अब जांच सुविधा जुड़ने से मरीजों को पूरी देखभाल एक ही जगह मिलेगी। मशीन न होने के बावजूद विभिन्न एनजीओ से आने वाले थैलेसीमिया से ग्रसित मरीजों को यहां पूरा इलाज दिया जा रहा है। - डॉ. दीपक गोयल, जनसंपर्क अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल।