संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को निपुण हरियाणा मिशन के तहत दोदिवसीय अध्यापक प्रशिक्षण की समापन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अध्यापकों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। खंड शिक्षा अधिकारी धर्मपाल चौधरी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि उनका व्यवहार सदैव संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि बच्चे नकारात्मक दबाव में न आएं।
कार्यशाला के समूह तीन में मास्टर ट्रेनर अनिल आर्य और अनुपम कंबोज ने रेमेडियल शिक्षण के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिंदी और गणित की मूल अवधारणाओं को बच्चों के स्थानीय परिवेश से जोड़कर सिखाया जाना चाहिए। वहीं, समूह चार में मास्टर ट्रेनर रजत शर्मा और रीना कंबोज ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षक को धैर्य रखना चाहिए क्योंकि शिक्षक का व्यवहार बच्चों पर गहरा प्रभाव डालता है। कार्यशाला की देखरेख के लिए डाइट शाहपुर से पहुंचे डॉ. ईश्वर ने अध्यापकों से प्रेरणादायक संवाद किया। कार्यक्रम में लगभग 230 अध्यापकों ने सहभागिता की। इसके संचालन में बीआरपी रविंद्र शिल्पी, कविता कंबोज, एबीआरसी गरिमा शर्मा और सविता सहित कई लोगों ने सहयोग दिया।