करनाल। वाराणसी में आयोजित हो रही 72वीं वरिष्ठ नेशनल चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हरियाणा की महिला टीम ने शुक्रवार को जीत दर्ज की। हरियाणा टीम ने अब सेमिफाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रदेश की टीम में करनाल के चोरकारसा गांव की महिला खिलाड़ी तमन्ना भी शामिल है।
वहीं हरियाणा की पुरुष टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला रेलवे की टीम से हुआ। इस कड़े मुकाबले में करनाल के तीनों खिलाड़ियों पारस, रमन व अजय का बेहतरीन प्रदर्शन रहा। इसकी बदौलत दो बार यह मैच बराबर प्वाइंट पर रहा। अंत में इस कड़े मुकाबले को रेलवे की टीम ने 25-23 के अंतराल से जीत लिया। उत्तर प्रदेश के डॉ. श्यामापूर्णानंद खेल परिसर, सिंघडा वाराणसी में आयोजित इस चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 11 जनवरी को होना है। हालांकि इस चैंपियनशिप से हरियाणा की पुरुष टीम जरूर बाहर हो गई है लेकिन प्रदेश के युवाओं को अभी भी महिला टीम से आस है कि वह यह चैंपियनशिप जीतकर हरियाणा को ट्रॉफी दिलवाएगी।
चैंपियनशिप का लाइव प्रसारण यूट्यूब के एफजीएसएन चैनल पर भी किया जा रहा है। इसमें देशभर के 24 राज्य और छह केंद्र शासित प्रदेश के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आठ दिनों में महिला व पुरुषों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इससे पहले सोनीपत में आयोजित राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में प्रदेश की टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था। उसी की बदौलत टीम का चयन नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ।