करनाल। शहर की एक काॅलोनी में रहने वाली महिला को तांत्रिक ने भूत निकालने की बात कहकर पताशे में नशीला पदार्थ खिला दिया। बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। आरोप है कि रेलवे रोड स्थित मछली मार्केट के पास दुकान लगाने वाले अमित ने हाथ-पैर बांधकर उससे अप्राकृतिक कृत्य भी किया। घटना सोमवार की दोपहर की है।
महिला को होश आया तो चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर थाना शहर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अब महिला का मेडिकल करवाया जाएगा। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। आरोपी तांत्रिक ने महिला के पति की मौत के बाद उन पर भूत-प्रेत का साया बताया था।
महिला आरोपी के झांसे में आ गई। मूलरूप से इंद्री थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला के पति की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। वर्तमान में वह करनाल की एक काॅलोनी में रहती है। पति की मौत के बाद से वह लगातार परेशान चल रही थी। वह रेलवे रोड स्थित मछली मार्केट के पास दुकान चलाने वाले आरोपी अमित के संपर्क में आई तो उसने भूत-प्रेत का भय दिखाया।
घर आकर आरोपी ने की वारदात
पीड़िता ने बताया कि आरोपी इलाज करने के बहाने से उसके घर आया था। घर में कमरे के अंदर से सभी को बाहर जाने को कहा। जब सभी बाहर चले गए तो उसे पताशे में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इससे महिला बेसुध हो गई। आरोपी ने उसके हाथ-पैर बांधकर अप्राकृतिक कृत्य किया। वारदात के बाद से महिला डरी हुई थी। मंगलवार को उसने अपनी बहन को इस बारे में बताया। इसके बाद थाना शहर पुलिस में शिकायत दी।
एक काॅलोनी की महिला के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महिला का मेडिकल करवाया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - प्रवीन कुमार, प्रभारी, थाना शहर करनाल