करनाल जिले के घरौंडा कस्बे में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। संदिग्ध डेंगू बुखार के कारण हो रही मौतों से लोगों में दहशत का माहौल है। शहर की विग कॉलोनी में संदिग्ध डेंगू बुखार के चलते बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा की मौत हो गई। पिछले एक सप्ताह में कस्बे में संदिग्ध डेंगू बुखार से यह तीसरी मौत है। उधर, स्वास्थ्य विभाग फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहा है।
विग कॉलोनीवासी राजकुमार वधवा की पुत्री स्नेह वधवा को 3 सितंबर को बुखार हुआ था। परिजनों ने स्नेह वधवा को पानीपत के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया था, लेकिन कई दिनों तक छात्रा की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल में ही टेस्ट के दौरान डॉक्टरों ने स्नेह को डेंगू बुखार की पुष्टि कर दी। हालत ज्यादा खराब होने के बाद परिजनों ने दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने स्नेह को दिल्ली के अस्पताल में दाखिल करवा दिया, जहां स्नेह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बता दें कि एक सप्ताह में डिंगर माजरा की शिमला देवी और पीर बड़ौली के जयवीर की मौत हो चुकी है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग तीनों मौतों को लेकर डेंगू होने को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से न तो फॉगिंग नहीं करवाई जा रही है और न ही संदिग्ध बुखार से निपटने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम किए जा रहे है। इसके चलते लोगों में दिन प्रतिदिन डेंगू बुखार का भय बढ़ता जा रहा है। इस बारे में सीएमओ डॉ. संतलाल का कहना है कि इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। डेंगू को लेकर अभी कंफर्म नहीं किया जा सकता।