यमुनानगर। शुक्रवार देरशाम गांधी नगर रेलवे फाटक के पास एक किशोरी (16) और युवक (19) संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन (हेमकुंड एक्सप्रेस) की चपेट में आ गए। इस घटना में किशोरी की मौत हो गई जबकि युवक बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। किशोरी के शव को सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में रखवाया गया है, जबकि घायल युवक को पीजीआई रेफर कर दिया गया।
युवक और किशोरी कैंप की रणजीत कॉलोनी के रहने वाले हैं। युवक दसवीं कक्षा की परीक्षा दे रहा था जबकि किशोरी ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही थी। शनिवार दोपहर पुलिस ने किशोरी का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम रेलवे पुलिस को गांधी नगर फाटक पर किशोरी का शव पडे़ होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि किशोरी की गर्दन कटकर ट्रैक पर पड़ी थी, जबकि युवक कुछ दूर रेलवे लाइन के बाहर घायल हालत में पड़ा था। उसका हाथ बुरी तरह से कुचला जा चुका था और सिर पर भी गहरी चोट थी।
पुलिस ने तुरंत उसे एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जबकि लड़की के शव की शिनाख्त का प्रयास किया। कुछ देर बाद किशोरी और युवक के रणजीत नगर निवासी होने की पुष्टि हो गई। जिसके बाद उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक और किशोरी दोनों दूर के रिश्तेदार हैं। शुक्रवार देर शाम दोनों घर से निकले थे।
-----------------
वर्जन
किशोरी और युवक सहारनपुर की ओर जा रही हेमकुंड एक्सप्रेस की चपेट में आ गए हैं। किशोरी की तो मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि युवक पीजीआई में उपचाराधीन है। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फिलहाल किशोरी को शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक के होश में आने के बाद ही पूरी बात का खुलासा हो सकेगा कि आखिरकार ये घटना कैसे हुई।
- नरेंद्र प्रसाद, प्रभारी, राजकीय रेलवे पुलिस