संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रेलवे रोड व प्रेम नगर में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में मंगलवार को आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को आपात स्थिति में सीपीआर देने व आग लगने के दौरान बचाव के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
एसआई संचित ने बताया कि एनडीआरएफ बठिंडा की 7 वीं बटालियन की ओर से जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 30 अगस्त 2025 तक स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें छात्रों और स्टाफ सदस्यों को किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों को बाढ़, भूकंप, चक्रवात, भूस्खलन, आग लगने या अन्य प्राकृतिक आपदाओं जैसी स्थितियों के समय सुरक्षित रहने, बचाव के तरीकों और प्राथमिक चिकित्सा के बारे में जानकारी देगी।
ये कार्यक्रम न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान करेंगे, बल्कि व्यावहारिक अभ्यास भी करवाएंगे ताकि छात्र और शिक्षक वास्तविक परिस्थितियों में सही निर्णय ले सकें। कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में एनडीआरएफ बठिंडा की 7 वीं बटालियन की ओर से आयोजित किया गया।