माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दो छात्रों पर सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद ईंटों और गंडासियों से हमला कर दिया गया। यह हमला स्कूल के गेट के सामने और फिर निसिंग बाईपास पर स्थित रोशन सब्जी वाले की दुकान के पास किया गया। जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। निसिंग थाना पुलिस को दी शिकायत में पिंकी निवासी वार्ड नंबर एक ने बताया कि उनका बेटा अभिषेक और रिश्ते में पोता अमन एक साथ पढ़ते हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद जैसे ही वह बाहर निकला रोनक, दक्ष वासी निसिंग और उसके अन्य साथियों ने अमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। फिर वे अमन को घसीटकर बाईपास रोड पर ले गए और वहीं अमन के दोस्त यानी उनके बेटे अभिषेक को भी फोन कर बुला लिया। इसके बाद रोनक व दक्ष ने अन्य साथियों के साथ मिलकर अमन और अभिषेक पर हमला किया।
अभिषेक के सिर व शरीर पर चोटें मारी हैं। उक्त आरोपियों ने करीब दो वर्ष पहले भी अभिषेक पर हमला किया था। यह मामला अदालत में विचाराधीन है। घटना की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए पहले कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में इलाज किया गया। जहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।