- एसडीएम के आश्वासन पर माने
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। नगरपालिका की ओर से शुक्रवार को सब्जी मंडी में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान में सैकड़ों रेहड़ी-फड़ी वालों की रोजी रोटी पर बन आई। इसके विरोध में रेहड़ी-फड़ी और सब्जी विक्रेताओं ने आक्रोश जता हड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। जहां नगर पालिका सचिव नहीं मिले। इसके बाद वह जमकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। सब्जी विक्रेताओं ने एसडीएम राहुल से उन्हें सब्जी मंडी में बैठने की मोहलत दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जब तक अलग से नई मंडी नहीं बन जाती तब तक उन्हें वहीं बैठे रहने दें। रेहड़ी-फड़ी वालों की इस बात को एसडीएम ने मान लिया। एसडीएम के आश्वासन पर सब्जी विक्रेता आढ़ती राजीव, सौरव, अजय, रिंकू, संजय, टोनी, गौरव, रिंकू, कुलदीप ने हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया।
एसडीएम राहुल ने कहा कि दुकानदारों की समस्या जायज है। उनके लिए सरकार के पास अलग से सब्जी मंडी के लिए एस्टीमेट भेजा है। जो जल्द पास होकर आ जाएगा। इसके बाद सब्जी मंडी, अनाज मंडी में शिफ्ट हो जाएगी। एसडीएम राहुल ने बताया की नगर पालिका सचिव और वह खुद जगह का मुआयना करके पुरानी सब्जी मंडी के नजदीक ही जगह दे दी जाएगी।