फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: चिपचिपे फास्ट फूड के साथ कोल्ड ड्रिंक...बूढ़े हो रहे बच्चों के दांत

Sat, 21 Mar 2026 01:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में मरीजों की भीड़
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


करनाल। फास्ट फूड दांतों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। कोल्ड ड्रिंक और चिपचिपे फास्ट फूड के खाने से बच्चों के दांतों की उम्र घट रही है। वे बूढ़े हो रहे हैं। कम उम्र में ही बच्चे दांत दर्द, कैविटी और मसूड़ों की समस्या के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 10 से 15 बच्चे दंत रोग ओपीडी में आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल का कहना है कि पिज्जा, बर्गर, चाऊमीन जैसे चिपचिपा खाने दांतों में लंबे समय तक चिपके रहते हैं। इससे बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। ये एसिड बनाते हैं, जो दांतों की ऊपरी परत यानी कि एनामेल को नुकसान पहुंचाता है। कोल्ड ड्रिंक में मौजूद एसिड इस नुकसान को और बढ़ा देता है। इससे कम उम्र में ही कैविटी और दांतों में कीड़े लगने की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
विज्ञापन




दांत दर्द, ठंडा-गरम लगना, मसूड़ों से खून आना, मुंह से बदबू और पायरिया जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। कई बच्चों में दांतों का रंग पीला पड़ना और जल्दी टूटना भी देखा जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, चिपचिपे फूड की सफाई ठीक से नहीं हो पाती, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।



डॉ. कुणाल के अनुसार, बच्चों को फास्ट फूड, खासकर स्टिकी और एसिडिक चीजों का सेवन कम करना चाहिए। दिन में दो बार ब्रश करना, खाने के बाद कुल्ला करना और नियमित डेंटल चेकअप बेहद जरूरी है। साथ ही कैल्शियम और विटामिन से भरपूर आहार दांतों को मजबूत बनाता है।



20 मार्च से 20 अप्रैल तक अभियान

विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के तहत जिले में 20 मार्च से 20 अप्रैल तक विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान अस्पताल के प्रत्येक वार्ड में कैंप लगाए जाएंगे। जागरूकता गतिविधियां होंगी। लोगों को सही तरीके से दांतों की सफाई रखने के बारे में जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मियों को जागरूकता के लिए शपथ भी दिलाई जाएगी। खासतौर पर महिलाओं और बच्चों पर विशेष फोकस किया जाएगा। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल ने कहा कि अभियान के दौरान लेबर रूम में आने वाली महिलाओं को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे बच्चों के दांतों की देखभाल शुरू से ही कर सकें।
विज्ञापन

वर्ष 2013 से मनाया जा रहा दिवस
विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस हर साल 20 मार्च को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य मुंह की सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मुंह से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम करना है। यह दिन वर्ल्ड डेंटल फेडरेशन की ओर से वर्ष 2013 से मनाया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें