इंद्री। बदलते मौसम के बीच स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इंद्री नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप अबरोल ने कहा कि बुखार, खांसी, छींक या सांस संबंधी लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचते हुए चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने कहा कि बीमारी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन समय पर सावधानी और उपचार जरूरी है।
डॉ. अबरोल के अनुसार स्वाइन फ्लू के सामान्य लक्षणों में अचानक तेज बुखार, गले में खराश, खांसी, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, बदन व जोड़ों में दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। कुछ मरीजों में भूख कम लगना, सांस लेने में परेशानी, मतली, उल्टी और दस्त जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के करीब दो दिन बाद लक्षण सामने आ सकते हैं।
चिकित्सक ने लोगों को खांसते और छींकते समय मुंह व नाक को रुमाल या टिश्यू से ढकने तथा हाथों को साबुन-पानी से नियमित रूप से साफ करने की सलाह दी। आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचने तथा सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से परहेज करने को कहा गया है। संक्रमित व्यक्ति के साथ नजदीकी संपर्क से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। संवाद