असंध/मूनक। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का राज्य स्तरीय जयंती समारोह 29 मई को गांव सालवन में होगा। यह जानकारी असंध से विधायक योगेंद्र राणा ने पत्रकार वार्ता में दिए। उन्होंने बताया कि इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि समारोह में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान से आने वाले लोगों का स्वागत गांवों की पंचायतों और सभी 36 बिरादरी के लोग करेंगे। यहां एक लाख लोगों के बैठने और भोजन का प्रबंध किया गया है। राणा ने बताया कि सालवन गांव करनाल लोकसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा गांव है। वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में संत-महापुरुषों के जन्म दिवस आदि मनाने का कोई चलन नहीं था। वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया है।
राणा ने कहा कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। लोगों को कार्यक्रम में भाग लेने का निमंत्रण दिया गया है। समारोह में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान से राजपूत समाज के कई नेता भाग लेंगे। इस मौके पर राजपूत सभा करनाल के अध्यक्ष डॉ.एन पी सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा अनिल चौहान, मीडिया सलाहकार डॉ .नरेश मग्गू, महासचिव राजपूत सभा करनाल बृज पाल राणा आदि मौजूद रहे।