करनाल/मूनक। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती पर जिले की 395 ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने विकास से जुड़े जमीनी मुद्दों को खुलकर उठाया। गांवों में खराब सड़कों, सफाई व्यवस्था की कमी, स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति और फैमिली आईडी में आय अधिक दर्शाए जाने जैसी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।
ग्राम सभाओं में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और कई स्थानों पर तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए गए। मूनक गांव में आयोजित सभा में ग्रामीणों ने सफाई कर्मचारियों की कमी सहित अन्य मुद्दे उठाते हुए गांव के लिए अतिरिक्त संसाधनों की मांग की। उप निदेशक मनोज कौशल ने गांव सुल्तानपुर, डीडीपीओ कंचन लता ने गांव कुड़क जागीर और जिला परिषद की डिप्टी सीईओ रोजी रंगा ने कुटेल में हुई सभा में शिरकत की। ब्यूरो