- हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से राणा ब्रदर्स अकादमी में हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से राणा ब्रदर्स अकादमी में सोमवार को पटौदी ट्रॉफी का लीग क्रिकेट मैच हुआ। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए करनाल टीम ने 50 ओवर में 230 रन का लक्ष्य रखा। करनाल टीम की ओर से अर्श कबीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 108 रन बनाए। वहीं जवाब में सोनीपत की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। सोनीपत ने यह मैच तीन विकेट से जीत लिया।
इस बार लीग मैचों में ही हारकर करनाल टीम पटौदी ट्रॉफी से बाहर हो गई। हालांकि पिछली बार पटौदी ट्रॉफी में करनाल टीम का दबदबा रहा था। कोच दिनेश खोखर ने बताया कि इस बार उनकी करनाल टीम के बेहतरीन खिलाड़ी रेलवे व पुलिस में चयनित होने के कारण क्रिकेट छोड़ गए हैं। नए बच्चों पर टीम की जिम्मेदारी थी, उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे जिले के अनुभवी खिलाड़ियों के सामने उनका प्रयास नाकाफी रहा। अगली ट्रॉफी में हमारे खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्हें निरंतर अभ्यास व उनकी कमियों में सुधार कर उनके खेल हुनर को सुधारा जाएगा।