माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कोरोना से युद्ध में अब सामाजिक संस्थाएं जन सेवा का मोर्चा संभालेंगी। ये संस्थाएं अभियान चलाकर भोजन, ऑक्सीजन कॉन्सेट्रेटर और प्लाज्मा जरूरतमंदों को उपलब्ध कराएगी। इस संबंध में 18 सामाजिक संस्थाओं की एक बैठक विवेकानंद विद्यालय में हुई। इसमें संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अभियान की रूप रेखा तैयार की और सेवा कार्यों के लिए सहयोग जुटाने को लेकर चर्चा की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सेवा भारती के बैनर तले हुई बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने अपनी संस्थाओं के की ओर से किए जा रहे सेवा-कार्य, अनुभव और सुझाव सांझा किए। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर क्षेत्र के सेवा प्रमुख सुरेश कुमार ने सेवा और सहयोग के लिए सभी को प्रेरित किया।
संघ के जिला सेवा प्रमुख दिनेश गर्ग ने सेवा भारती द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों जैसे प्लाज्मा बैंक, महासुदर्शन घनवटी और काढ़ा का निर्माण एवं वितरण, कोविड केयर सेंटर, काउंसलिंग या परामर्श केंद्र, भोजन वितरण, कोरोना टीकाकरण कैंप, ऑक्सीमीटर वितरण आदि के बारे में संपूर्ण जानकारी दी।
प्रांत के अध्यक्ष सतीश कुमार चावला ने सभी से सहयोग का आह्वान किया। जिला के विभिन्न सेवा कार्यों को और विशेष रूप से सरकारी और निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे कपिल अत्रेजा ने सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर संघ के सह प्रांत प्रचारक डॉ. सुरेन्द्र पाल, सह जिला कार्यवाह महेंद्र कुमार नरवाल, विकास यादव और मुख्यमंत्री के विधानसभा प्रतिनिधि संजय बठला भी उपस्थित रहे।
इन संस्थाओं को ये दी जिम्मेदारी
लायंस क्लब के अध्यक्ष और श्री रघुनाथ मंदिर के महासचिव विनीत भाटिया ने ऑक्सीमीटर और भोजन वितरण में सहयोग देने, नव चेतना मंच के संयोजक एसपी चौहान ने सेवा भारती के कार्यों के लिए 50 हजार रुपये, राजपाल ने ऑक्सीजन कॉन्सेट्रेटर, आर्य समाज के जिला महामंत्री स्वतंत्र कुकरेजा ने महासुदर्शन घनवटी और काढ़ा निर्माण हेतु सहयोग, हुडा सेक्टर-3 एसोसिएशन के मनोज कुमार और भारत विकास परिषद के भूषण कुमार श्रीकृष्ण कृपा धाम से बृज गुप्ता, महाराणा प्रताप मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विजय गिरधर, प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन के उपप्रधान विजय बत्तरा, ऑप्टिकल एसोसिएशन के प्रधान सुनील मदान, अंकुर गुप्ता आदि ने भी सेवा कार्यों में भरपूर सहयोग देने की घोषणा की।