पुलिस ने अवैध हथियार और जिंदा रौंद के जखीरे के साथ एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पुलिस ने 8 देसी पिस्तौल व 8 जिंदा रौंद बरामद किए हैं। आरोपी 50 हजार रुपये में अवैध पिस्तौल बेचता था और वह पंजाब व हरियाणा में ही सप्लाई करता था। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने 8 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को पुलिस की सीआईए-01 शाखा को सूचना मिली कि एक व्यक्ति जिसके पास अवैध हथियारों का जखीरा है। वह किसी को सप्लाई करने की फिराक में है, जिस पर सीआईए-01 की टीम द्वारा आरोपी नवाब उर्फ बंगाली निवासी गांव कदमगाछी थाना बवाल जिला किशनगंज पश्चिम बंगाल हाल किरायेदार गली नंबर 1 कृष्णा गार्डन सेक्टर-25 जिला पानीपत को कोहंड पुल जीटी रोड करनाल से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक संदिग्ध बैग बरामद किया गया, जिसमें से 5 देसी पिस्तौल 32 बोर, 1 देसी पिस्तौल 9 एमएम, 1 रिवाल्वर 32 बोर व 1 देसी कट्टा 315 बोर ( कुल 08 अवैध हथियार) बरामद की गईं व इसके अलावा 08 जिंदा रौंद भी आरोपी के कब्जे से बरामद किये गये। थाना घरौंडा में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंदौर से खरीदकर लाया था अवैध हथियार, पंजाब व हरियाणा में करनी थी सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध हथियारों को मध्य प्रदेश के इंदौर से एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। आरोपी ने बताया कि वह इन पिस्तौलों को 50 हजार रुपये प्रति पिस्तौल तक के रेट में हरियाणा व पंजाब के अलग-2 हिस्सों में बेचने वाला था। इससे पहले आरोपी के खिलाफ जिला पानीपत में हत्या का एक मामला दर्ज है, जिसमें आरोपी जेल काट कर जमानत पर बाहर आया हुआ था। आरोपी ने यह भी बताया कि हत्या के मामले में जेल में सजा काटने के दौरान वह आरोपी आरिफ निवासी उत्तर प्रदेश के संपर्क में आया, जिसने आरोपी नवाब को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर अवैध हथियारों की तस्करी का धंधा शुरू करने की सलाह दी, जिसके बाद आरोपी ने अवैध हथियारों की तस्करी का धंधा शुरू किया।