कुरुक्षेत्र। परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा के बारे में बताते यातायात पुलिस के कर्मचारी। प्र
कुरुक्षेत्र। विद्यार्थियों में यातायात जागरूकता लाने के लिए पुलिस की ओर से वीरवार को खंड स्तरीय यातायात प्रश्नोतरी परीक्षा करवाई गई। इस प्रतियोगिता में करीब 10 स्कूल और कॉलेजों में करीब साढ़े छह हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात रोहतास कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुई इस परीक्षा के लिए जिला पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारी की गई थी। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को सुबह 11 से 12 बजे तक जिले के छह स्कूल और चार कॉलेजों में जिले के 6550 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा चार लेवल पर हुई। पहले लेवल में कक्षा एक से पांच तक के 2500 विद्यार्थी, लेवल दो में कक्षा छह से आठ में 1800, लेवल तीन में कक्षा नौवीं से 12वीं तक 1250 और लेवल चार में कॉलेज स्तर के लगभग एक हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया।
डीएसपी ने बताया कि इसके बाद अब जिला स्तर व राज्य स्तर पर परीक्षा ली जाएगी। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले छात्रों को राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। सभी स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उनका पालन करने के लिए प्रेरित करना ही परीक्षा का मकसद है, क्योंकि बचपन से सीखा हुआ सबक जिंदगीभर याद रहता है। इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग की ओर से शिक्षा विभाग के साथ मिलकर इस परीक्षा का आयोजन किया गया है। परीक्षा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी अपर्णा, प्रधानाचार्य अश्वनी कौशिक, जिला संयोजक शीशपाल जांगड़ा सहित स्कूल स्टाफ ड्यूटी पर मौजूद रहे।