- वीडियो कॉल पर सीएम से बोले दादा ने किया निवेदन, पीएम से भी कार्रवाई की अपील
- विधायक ने लेफ्टिनेंट के दादा हवा सिंह की वीसी पर कराई सीएम से बात
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के दादा हवा सिंह ने कहा कि सीएम साहब, मेरा आपसे निवेदन है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाओ। मैं पीएम नरेंद्र मोदी जी से भी प्रार्थना करता हूं कि इस उग्रवाद को खत्म कराओ, आज मेरा पोता गया है कल को किसी और घर का चिराग भी ये बुझाएंगे। तो अच्छा नहीं होगा।
इस पर सीएम सैनी ने सख्त कार्रवाई का आश्वान दिया। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने इस निदंनीय घटना को अंजाम दिया है तो बचने का सवाल ही नहीं है। मेरी परमात्मा से प्रार्थना है, विनय को अपने चरणों में स्थान दें। ये घटना निंदनीय है और कायरतापूर्ण है। सेक्टर-7 स्थित लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के आवास पर विधायक जगमोहन आनंद पहुंचे थे। पहले उन्होंने खुद परिवार से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन से वीडियो कॉल करके सीएम नायब सैनी की विनय के दादा से बात कराई। इस दौरान हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी मौजूद थे।
पर्यटकों पर हमला कायराना : सीएम
सीएम ने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार परिवार के साथ खड़ी है और जिन आतंकवादियों ने लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की हत्या की है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहलगाम में बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकी हमला दुर्भाग्यपूर्ण है, जिन परिवारों के साथ ये घटना हुई है, उनके साथ पूर्ण रूप से केंद्र व प्रदेश की सरकार साथ खड़ी है।